देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में बुधवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ. जिसमें 8 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों में इस बार 3 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि कई पुराने चेहरों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता बिशन सिंह चुफाल भी उनमें से एक हैं। पिछली धामी सरकार में बिशन सिंह चुफाल मंत्री थे। ऐसे में कैबिनेट में जगह न मिलने से बिशन सिंह चुफाल का दर्द छलका है. उन्होंने कैबिनेट में शामिल नहीं किए जाने को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं.
जरूर करेंगे सवाल : पहाड़ समाचार से बात करते हुए बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि वह एक बार पार्टी से जरूर पूछेंगे कि आखिर किस आधार पर उन्हें कैबिनेट से बाहर कर दिया गया। चुफाल ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में उनके कुछ शुभचिंतक थे जो उन्हें कैबिनेट में नहीं चाहते थे। उनका इशारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भगत सिंह कोश्यारी की ओर था.
इतना ही नहीं, बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि उन्हें कैबिनेट से बाहर करने को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं कि उन्हें उम्र के कारण बाहर कर दिया गया, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. अगर ऐसा था तो सतपाल महाराज भी उन्हीं की उम्र के हैं तो उन्हें कैबिनेट में जगह कैसे दी गई?
हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पार्टी के लिए लाठियां और झंडे उठाए हैं. वह हमेशा पार्टी के साथ खड़े रहे हैं। बिशन सिंह चुफाल को कैबिनेट में शामिल नहीं किए जाने के बाद से उनके समर्थक देहरादून में जुटने लगे हैं.

