देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. गोली मारने वाला आरोपी कोई और नहीं बल्कि छात्रा का दोस्त है। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार छात्रा का नाम वंशिका बंसल (19 वर्षीय) था, जो सहस्त्रधारा रोड स्थित सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कॉलेज से डी-फार्मा कर रही थी. वंशिका प्रथम वर्ष की छात्रा थी और छात्रावास में रह रही थी। गुरुवार की शाम वह अपने दोस्त के साथ किसी काम से हॉस्टल से निकली थी। तभी आरोपी छात्र ने पिस्टल से गोली मार दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन इससे पहले वंशिका की मौत हो चुकी थी.

पुलिस के मुताबिक वंशिका हरिद्वार की रहने वाली है। वहीं, आरोपी छात्र का नाम आदित्य तोमर है, जो मूल रूप से यूपी के शामली जिले का रहने वाला है. जो वर्तमान में देहरादून से सुंदरवाला रायपुर में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही क्लास में पढ़ते हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इस मामले को प्रेम प्रसंग मान रही है। आरोपित की तलाश की जा रही है।

वहीं बेटी की हत्या की खबर पाकर वंशिका के परिजन भी देहरादून पहुंचे. वंशिका की मौत के बाद परिवार का हाल बेहाल है। पुलिस ने अब वंशिका के शव को कोरोनेशन अस्पताल में रखवाया है, जहां परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन के स्टाफ के साथ भी मारपीट की. पिता का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन वंशिका पर फीस भरने का दबाव बना रहा था, उसे लगातार धमकी भी दी जा रही थी. आरोप है कि हत्यारे को कॉलेज प्रबंधन के लोगों का सहयोग मिल रहा था.

पुलिस ने बताया कि मामला एकतरफा प्यार का है। आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के परिजनों पर लगे आरोपों की भी जांच की जा रही है.