देहरादून : एनसीआरबी द्वारा प्रकाशित क्राइम इन इंडिया 2021 की रिपोर्ट में चोरी की संपत्ति की बरामदगी में उत्तराखंड पुलिस ने पहला स्थान हासिल किया है.
पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड अशोक कुमार ने कहा कि चोरी के मामलों में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के कारण राज्य पुलिस को यह सफलता मिली है.
चोरी की घटनाओं की गहन जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ संपत्ति की वसूली के लिए उत्तराखंड पुलिस द्वारा किए गए विशेष प्रयासों के कारण राज्य पुलिस की वसूली दर देश में सबसे अधिक है. उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के स्मार्ट पुलिस के विजन के तहत की गई पुलिसिंग का नतीजा है।

क्राइम इन इंडिया 2021 की रिपोर्ट में, उत्तराखंड पुलिस 68.7 प्रतिशत के साथ चोरी की संपत्ति की वसूली में पहले स्थान पर है, जो अन्य सभी राज्यों के राष्ट्रीय औसत 30.2 प्रतिशत से दोगुने से भी अधिक है। उत्तराखंड पुलिस के बाद तमिलनाडु 64.8 फीसदी के साथ दूसरे और हिमाचल प्रदेश 55 फीसदी रिकवरी के साथ तीसरे नंबर पर है।

