देहरादून : उत्तराखंड परिवहन निगम प्रबंधन ने दून-चंडीगढ़ और दून-हल्द्वानी के बीच चलने वाली वॉल्वो बसों का किराया कम कर दिया है. प्रबंधन के मुताबिक इन दोनों रूटों पर किराया कम करने की मांग की जा रही थी। उत्तराखंड की बसों का किराया अन्य राज्यों की वॉल्वो बसों से ज्यादा था, जिससे इन बसों में यात्री कम मिले।
डीलक्स डिपो के सहायक महाप्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि दून-चंडीगढ़ के बीच वॉल्वो बस का किराया पहले 694 रुपये था, जिसे 142 रुपये घटाकर अब 552 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह दून-हल्द्वानी के बीच वाल्वो बस का किराया पहले 1439 रुपये था, जिसे 305 रुपये घटाकर 1134 रुपये कर दिया गया है।
अन्य राज्यों के बस किराए से कटौती
देहरादून से चंडीगढ़ के लिए सुबह 7.30 बजे और दोपहर 12.30 बजे जबकि हल्द्वानी के लिए रात 11.00 बजे नियमित वॉल्वो बसें हैं। दून-चंडीगढ़ रूट पर चंडीगढ़ परिवहन निगम और हिमाचल परिवहन निगम की वॉल्वो बसें भी चल रही हैं। उत्तराखंड बसों का किराया अधिक होने के कारण यात्री दूसरे राज्यों से बसों का विकल्प चुन रहे हैं। अब दून-चंडीगढ़ के बीच का किराया अन्य राज्य की बसों की तुलना में कम हो गया है।
दून-कटरा वाल्वो में किराए में कोई कमी नहीं की गई है
परिवहन निगम प्रबंधन ने दून-चंडीगढ़ के बीच वॉल्वो बस का किराया घटाया, लेकिन उसी रूट पर चलने वाली दून-चंडीगढ़-कटरा वॉल्वो बस का किराया नहीं। यह बस दून से शाम 6 बजे निकलती है। इस बस में अगर कोई यात्री दून से चंडीगढ़ का सफर कर रहा है तो उससे पुराना किराया 694 रुपये लिया जाता है। यात्रियों ने इसकी शिकायत निगम मुख्यालय से की है।

