आईपीएल 2023 के 64वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को 15 रन से हरा दिया। दिल्ली ने धर्मशाला मैदान पर 213/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया और पंजाब को 198/8 पर रोक दिया। लियाम लिविंगस्टोन ने पंजाब के लिए एक तेजतर्रार पारी खेली लेकिन उसपर पानी फिर गया।उन्होंने 48 गेंदों पर 94 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के लगाए। इस हार से पंजाब की प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है। पंजाब की यह सातवीं हार है और वह 13 मैचों में 12 अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। वहीं, दिल्ली पहले ही प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है। हालांकि, पांचवें स्थान की जीत के साथ दिल्ली 10वें से नौवें स्थान पर पहुंच गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत खराब रही। कप्तान शिखर धवन दूसरे ओवर में शून्य रन पर आउट हो गए। प्रभसिमरन सिंह (19 गेंदों में 22 रन) और तायड (42 गेंदों पर 55 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। सातवें ओवर में प्रभसिमरन पवेलियन लौटे। वहीं, 16वें ओवर में धीमे बल्लेबाज की वजह से तायड रिटायर हो गए। उनकी जगह जितेश शर्मा बल्लेबाजी करने आए लेकिन खाता नहीं खोला।शाहरुख खान ने 6 रन बनाए और करन ने सिर्फ 11 रन बनाए।

हरप्रीत बराड़ (0) का बल्ला भी शांत रहा। चौथे नंबर पर उतरे लिविंगस्टोन ने अंत तक मजबूती से मोर्चा संभाला लेकिन दूसरी छोर से साथ नहीं मिला। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के लिए 33 रन चाहिए थे और ईशांत शर्मा ने 17 रन खर्च किए। दिल्ली की ओर से ईशांत और नॉर्किया ने दो-दो विकेट लिए। खलील अहमद और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। पंजाब के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।

पहले टॉस हारकर दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। डीसी के लिए राइली रोसौव ने सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों में 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन बनाए। पृथ्वी शॉ ने 38 गेंदों पर 54 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। शॉ ने कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की।

वार्नर 11वें ओवर में आउट हुए।उन्होंने 31 गेंदों पर 46 रन का योगदान दिया। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। शॉ ने इसके बाद रोसौव के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। शॉ 15वें ओवर में पवेलियन लौटे। वहीं रोसौव ने फिलिप साल्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन की अटूट साझेदारी की। साल्ट 14 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के लगाए। पंजाब के लिए दोनों विकेट सैम करन ने लिए।

रुड़की : आम के बाग की रखवाली कर रहे तीन युवकों पर भगवानपुर में गुलदार ने हमला किया, दो को हायर सेंटर भेजा गया