युवाओं के 40 पद खोलने की प्रक्रिया गतिमान, अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का मिला भरोसा
जौनपुर/जौनसार। लखवाड़ बांध प्रभावित काश्तकारों की विभिन्न समस्याओं और नैनबाग में एनएच-507 के लिए अधिग्रहीत भवनों के कम दरों पर किए गए आकलन के निराकरण की मांग को लेकर लखवाड़ बांध प्रभावित काश्तकार संयुक्त संघर्ष समिति, जौनपुर-जौनसार के प्रतिनिधियों ने समाज कल्याण मंत्री उत्तराखंड सरकार खजान दास जी के सानिध्य में मुख्यमंत्री से वार्ता की।
वार्ता के दौरान समिति की ओर से लखवाड़ बांध प्रभावित काश्तकारों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा गया। साथ ही नैनबाग क्षेत्र में एनएच-507 के लिए अधिग्रहीत भवनों की कम दरों से संबंधित समस्या के उचित निराकरण का भी निवेदन किया गया।
बैठक में प्रभावित क्षेत्र के युवाओं के लिए 40 पद खोलने की प्रक्रिया गतिमान होने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रभावित काश्तकारों से जुड़ी अन्य समस्याओं के भी शीघ्र निराकरण का भरोसा दिया गया।
समिति ने मुख्यमंत्री एवं समाज कल्याण मंत्री खजान दास जी का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि लखवाड़ बांध प्रभावित क्षेत्र की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा और प्रभावित परिवारों एवं युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।
लखवाड़ बांध प्रभावित काश्तकार संयुक्त संघर्ष समिति, जौनपुर-जौनसार ने इस पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार एवं माननीय खजान दास जी, समाज कल्याण मंत्री उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

