ऋषिकेश: इस बार भारत जी20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है. ऐसे में जी20 समिट के तहत मई और जून में ऋषिकेश में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। जिसको लेकर पौड़ी डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक (Pouri DM could Meeting with officer) की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रदेशाध्यक्षों व जनप्रतिनिधियों के लिए आवश्यक व्यवस्था व सौंदर्यीकरण व मौके का दौरा करने के निर्देश दिए. साथ ही निरीक्षण में पाई गई कमियों की रिपोर्ट तैयार कर भिजवाने को कहा।

शिविर कार्यालय लक्ष्मण झूला में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र की सड़कों व अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का फीडबैक लिया. शिखर सम्मेलन के लिए परमार्थ निकेतन आश्रम में स्ट्रीट लाइट और एंबुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए। सड़कों की दशा दुरुस्त करते हुए आश्रम के चारों ओर सौंदर्यीकरण की रूपरेखा तथा अतिथियों के मार्ग की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परमार्थ आश्रम में गंगा आरती स्थल, जानकी झूला पुल, आश्रम तक विरासत मार्ग, वीवीआईपी कक्ष और योग केंद्र का भी निरीक्षण करने को कहा.

डीएम आशीष चौहान ने अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में आने वाले अतिथियों के मार्ग व स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था करने संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए. इसके बाद वे एसएसपी श्वेता चौबे के साथ परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे। जहां उन्होंने कार्यक्रम की चर्चा परमाध्यक्ष स्वामी चिदानन्द मुनि से की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडे, राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की डिप्टी डायरेक्टर कहकशा नसीम, सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार और डॉ. आनंद भारद्वाज उपस्थित थे.