डोईवाला , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में बीजेपी की सत्ता में वापसी हो गई है. बीजेपी ने 70 में से 47 सीटें जीतकर जीत का झंडा फहराया है. कांग्रेस खेमे में सन्नाटा है। डोईवाला विधानसभा सीट की बात करें तो यहां भी बीजेपी प्रत्याशी बृजभूषण गैरोला ने जीत हासिल की है. डोईवाला विधानसभा सीट को बीजेपी का मजबूत किला माना जाता है. इस सीट से त्रिवेंद्र सिंह रावत 2017 का चुनाव जीतकर सीएम की कुर्सी पर पहुंचे थे. बृजभूषण गैरोला ने कांग्रेस के गौरव सिंह को 27,533 मतों के अंतर से हराया।
जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण गैरोला डोईवाला पहुंचे, जहां उनका और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का ढोल-नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया गया. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए जनता का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि अब बृजभूषण गैरोला डोईवाला के विकास को आगे बढ़ाएंगे। वहीं बृजभूषण गैरोला ने भी जीत के बाद जनता का शुक्रिया अदा किया।
बता दें कि डोईवाला विधानसभा सीट से 12 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन बड़ा मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच देखने को मिल रहा था. भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे थे, उन्हें केवल 4,640 वोट मिले और आम आदमी पार्टी के राजू मोर्य को 3,301 और यूकेडी उम्मीदवार शिव प्रसाद सेमवाल को 1,844 वोट मिले। इस ऐतिहासिक जीत के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का हाथ है। क्योंकि डोईवाला विधानसभा सीट से उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ा और अपने पसंदीदा बृजभूषण गैरोला को मैदान में उतारा, जो जीतकर उनके विश्वास पर खरे उतरे.

