उत्तराखंड के गढ़वाल जोन में नशे का कारोबार अब पहाड़ी इलाकों में भी तेजी से पनपने लगा है। इसकी तस्दीक पहाड़ी इलाकों के थानों में पकड़े जाने वाले शराब तस्कर खुद कर रहे हैं। हालांकि शराब तस्करी रोकने की अहम जिम्मेदारी आपकारी विभाग की है, मगर पुलिस शराब तस्करों पर ज्यादातर कार्रवाई करते हुए दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में जनपद टिहरी के घनसाली क्षेत्र से पुलिस ने एक वाहन से 160 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। वाहन चालक के खिलाफ शराब तस्करी के आरोप में मुकदमा भी पंजीकृत कर दिया गया है। बताया गया है कि शराब की कीमत 16 लाख रुपए है। खास बात यह है कि इस बड़ी सफलता पर नई टिहरी जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शराब पकड़ने वाली पुलिस टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है।