राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने गुरूवार को राजपुर रोड, देहरादून स्थित एक स्थानीय होटल में उत्तराखण्ड के ऑर्गेनिक उत्पादों को समर्पित यलो हिल्स संस्था की वेबसाइट का शुभारम्भ किया तथा संस्था की पत्रिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की महिलाओं द्वारा बनाए ग‌ए उत्पादों तथा राज्य के ऑर्गेनिक उत्पादों की।
राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी मार्केटिंग बहुत आवश्यक है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के शिक्षित युवाओं को अपने गांवों को ही अपना कार्यक्षेत्र बनाना चाहिये। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं परिश्रमी तथा प्रतिभावान हैं, लेकिन उन्हें व्यावसायिक कौशल भी सीखना होगा।

इस अवसर पर वन मंत्री डा0 हरक सिंह रावत ने कहा कि स्वरोजगार से जुड़कर राज्य के युवा तथा महिलाएँ आजीविका कमा सकते है तथा स्थानीय आर्थिकी को सशक्त कर सकते हैं।
कृषि मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में 6.5 लाख हेक्टेयर भूमि में ऑर्गेनिक फार्मिंग की जा रही है। उत्तराखण्ड राज्य गत दो वर्षो से निरन्तर श्रेष्ठ ऑर्गेनिक राज्य का पुरस्कार प्राप्त कर रहा है। राज्य में ऑर्गेनिक खेती हेतु कानून लाया गया है।
महिला उत्थान एवं बाल कल्याण संस्थान तथा यलो हिल्स संस्था की अध्यक्षा श्रीमती अनुकृति गुंसाई रावत ने कहा कि राज्य में स्वरोजगार के माध्यम से ही पलायन को रोका जा सकता है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करके ही महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला उत्थान एवं बाल कल्याण संस्था तथा यलो हिल्स संस्था के पदाधिकारी तथा कार्मिक, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएँ उपस्थित थी।

इस अवसर पर सुबोध उनियाल कृषि मंत्री, एवं वन मंत्री श्री हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे।