कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री की सीट को लेकर चुनाव होने या ना होने पर जिस तरह का संशय चल रहा है, उससे सरकार के पास केवल 3 विकल्प हैं या तो सरकार मध्यावधि चुनाव में जाए या राष्ट्रपति शासन की डिमांड करें या फिर तीसरे मुख्यमंत्री का विकल्प सरकार के पास है नहीं, तो चुनाव आयोग जो भी निर्णय लेगा कांग्रेस हर चुनौती के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि निर्णय अब चुनाव आयोग को लेना है, लेकिन कांग्रेस अपने लिहाज से हर चुनौती की तैयारी में जुटी हुई है। हल्द्वानी सीट पर क्या सुमित हृदयेश, इंदिरा हृदयेश के उत्तराधिकारी होंगे ? इस बात पर प्रीतम सिंह ने कहा कि सुमित हृदयेश ने पिछले वक्त में जिस तरीके से हल्द्वानी विधानसभा में काम किया है, उस लिहाज से सुमित हृदेश के अलावा दूसरा ऑप्शन नहीं है। लेकिन जैसे ही चुनाव में जाने की बात आएगी तो पार्टी पदाधिकारी और आलाकमान इस बात पर तय कर लेंगे कि हल्द्वानी की कमान कौन संभालेगा। कांग्रेस संगठन में बदलाव और नेता प्रतिपक्ष कौन बनेगा, इस बात पर प्रीतम सिंह ने कहा कि इस बात पर आलाकमान जल्दी फैसला ले लेगा। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आलाकमान और पार्टी पदाधिकारी और प्रदेश संगठन के लोग बैठकर एक राय तैयार कर लेंगे। उत्तराखंड के कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने उत्तराखंड के संवैधानिक संकट पर कहा कि जो प्रदेश बेरोजगारी की तरफ बढ़ रहा हो, उस पर अगर अलग से चुनाव थोपा जाता है तो यह उस प्रदेश के लिहाज से ठीक नहीं है। लिहाजा कांग्रेस पार्टी इस पर एकजुट होकर रायशुमारी करेगी और उसके बाद यदि सड़क से सदन तक और कोर्ट में भी जाने की जरूरत पड़ी तो हम जाएंगे। हल्द्वानी से क्या सुमित हृदयेश को टिकट दिया जाएगा, इस सवाल पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि सुमित हल्द्वानी को एक उचित नेतृत्व दे सकें ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं। वहीं, कुंभ घोटाले पर बोलते हुए कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, जिसके विरोध में कल प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।