नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM
राज्यसभा से ‘चुनावी कानून (संशोधन) विधेयक, 2021’ भी पास हो गया है. विपक्ष के सदस्यों के हंगामे और विरोध के बीच राज्यसभा ने मंगलवार को इसे ध्वनिमत से मंजूरी दे दी।
लोकसभा ने सोमवार को इस बिल को मंजूरी दे दी। इस बिल के मसौदे में कहा गया है कि वोटर लिस्ट में डुप्लीकेट और फर्जी वोटिंग को रोकने के लिए वोटर कार्ड और लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा.
कैबिनेट द्वारा अनुमोदित विधेयक के अनुसार सैन्य मतदाताओं के लिए चुनाव कानून को लैंगिक निरपेक्ष बनाया जाएगा। वर्तमान चुनावी कानून के प्रावधानों के तहत, एक सैनिक की पत्नी एक सैन्य मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए पात्र है, लेकिन एक महिला सैनिक का पति पात्र नहीं है।
चुनाव आयोग ने कानून मंत्रालय से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में सैन्य मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों में ‘ पत्नी’ शब्द को बदलकर ‘स्पाउस’ (जीवनसाथी) करने को कहा था। इसके तहत एक अन्य प्रावधान में युवाओं को हर साल चार तारीखों को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की अनुमति देने की बात कही गई है. वर्तमान में, केवल 1 जनवरी को या उससे पहले 18 वर्ष के होने वालों को मतदाता के रूप में पंजीकरण करने की अनुमति है।
चुनाव आयोग योग्य लोगों को मतदाता के रूप में पंजीकरण करने की अनुमति देने के लिए कई ‘कट ऑफ डेट्स’ की वकालत करता रहा है। आयोग ने सरकार को बताया था कि 1 जनवरी की ‘कट ऑफ डेट’ के कारण कई युवा मतदाता सूची की कवायद से वंचित हैं. केवल एक ‘कट-ऑफ तारीख’ के साथ, 2 जनवरी को या उसके बाद 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यक्ति पंजीकरण करने में सक्षम नहीं थे और उन्हें पंजीकरण के लिए अगले वर्ष का इंतजार करना पड़ता था ।

