मसूरी। राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण एवं विजुअल इंपेयरमेंट कार्यक्रम के तहत उपजिला अस्पताल लंढौर में एक दिवसीय नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 140 लोगों की आंखों की जांच की गई। जिनमें से 15 लोगों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन की सलाह दी गई, जबकि 50 लोगों को नि:शुल्क चश्मा दिया गया।
अनुमंडल अस्पताल में आयोजित नेत्र जांच शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. मेहा पांगती ने नेत्र रोगियों की जांच की, वहीं देहरादून अस्पताल के दृष्टिमितिज्ञ अनिल कुमार टम्टा ने आंखों के नंबर की जांच की. डा.मेहा पांगती ने बताया कि शिविर में बच्चों सहित 140 नेत्र रोगियों की जांच की गई।
इसी शिविर में 50 लोगों को नि:शुल्क चश्मा वितरित किया गया जबकि अन्य जिनको चश्मे की आवश्यकता थी उनकी संख्या दर्ज कर उनके चश्मे मंगवाए गए और जब बन जाएंगे तब वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिविर में कम से कम 15 लोगों को मोतियाबिंद पाया गया और उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।इस अवसर पर अनुमंडल अस्पताल के सीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह ने कहा कि मसूरी में ओटी की सुविधा नहीं होने के कारण यहां मोतियाबिंद के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं, इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. सीएमओ सरोज नैथानी को पत्र लिखा गया है, जिसमें लिखा है कि उप जिला अस्पताल में ओटी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि ओटी तैयार होते ही स्टाफ पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद तत्काल यहां मोतियाबिंद के ऑपरेशन शुरू किए जाएंगे। वहीं मसूरी व आसपास के क्षेत्र के लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा.

