चम्पावत जिले के टनकपुर कोतवाली पुलिस और SOG टीम की जुगलबन्दी सीमान्त क्षेत्र टनकपुर में अपराधों पर लगातार नकेल कसने में सफल होती दिख रही है। 2 दिन पहले लाखों रुपये की स्मेक संग तस्करों को दबोचने वाली टनकपुर पुलिस और SOG टीम ने एक बार फिर 1 लाख 5 हजार रुपये की नकली करेंसी के साथ उधमसिंहनगर जिले के सितारगंज के युवक को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पूरे मामले के अनुसार, चम्पावत SOG टीम एंव थाना टनकपुर पुलिस द्वारा ITI के पास चैकिंग के दौरान बाइक सवार युवक मुख्तार अली निवासी सितारगंज जनपद उधमसिंहनगर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से पुलिस को 1 लाख 5 हजार रुपये की नकली करेंसी मिली जिसमे 100रू० की 07 गड्डी, जिसमें 68000/रु0 तथा 500रू० की 1 गड्डी जिसमें 37000/रु0 व 1 मोबाईल बरामद हुआ है। इस मामले में पुलिस द्वारा कोतवाली टनकपुर में धारा 488B/489C IPC के तहत मामला पंजीकृत कर दिया गया है। पुलिस और SOG टीम की गिरफ्त में आये आरोपी युवक ने पुछताछ में बताया गया कि वह यह नकली नोट अपने साथी नितिन राठौर निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी जनपद नैनीताल से लाया था, जिसे वो टनकपुर क्षेत्र में असली नोटों के भाव में चलाने हेतु ला रहा था। इससे पूर्व भी वह नकली नोटों को जनपद उधमसिंहनगर, चंपावत और अन्य क्षेत्रों में असली के भाव में चला चुका है। वहीं, टनकपुर के कोतवाल जसवीर चौहान के अनुसार, इस प्रकरण में दूसरे अभियुक्त नितिन राठौर की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल नकली नोटों संग गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
उत्तराखंड के चंपावत से लाखो की नकली करेंसी बरामद, एक आरोपी SOG और पुलिस के हत्थे चढ़ा

