देहरादून: मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक लोगों के लिए अगला एक हफ्ता मौसम के लिहाज से भारी रहने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज रात से पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। वहीं, 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम का यह मिजाज 29 जनवरी तक देखा जा सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार रात से एक बार फिर पूरे प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक बारिश होगी, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग में बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी.

