श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM

श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गढ़वाल मंडल उत्तराखंड कांग्रेस की मीडिया प्रभारी गरिमा मेहरा दसौनी ने विधायक के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

दसौनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत के बाद विधायक धन सिंह रावत जिस तरह से अपने कार्यकर्ताओं के बीच अहंकार में डूबा भाषण दे रहे हैं, उससे लगता है कि अधभर गगरी छलकत जाए । दसौनी ने विधायक के बयान की निंदा की और कहा कि वह श्रीनगर की निर्वाचित महिला प्रतिनिधि के लिए जिस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल कर रहे हैं वह बेहद अपमानजनक है. इसके लिए विधायक जिस तरह भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं, वह अपनी संस्कृति और अपनी पार्टी की विचारधारा का परिचय दे रहे हैं.

दसौनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभाएं कराने के बावजूद और पांच साल मंत्री रहने के बाद भी धन सिंह रावत केवल ढाई सौ वोट जीतकर अपनी जीत का जलवा दिखा रहे हैं जैसे कि उन्होंने अपने ही बलबूते जीत हासिल की हो । सभी भाजपा नेताओं को सलाह देते हुए दसौनी ने कहा कि जीत को संभालना हर किसी के बस की बात नहीं होती। दसौनी ने कहा कि विधायक के बयान को आज के समय में राजनीतिक शुचिता और नैतिकता का पतन ही कहा जा सकता है.