देहरादून : उत्तराखंड बीजेपी ने आगामी चुनाव के लिए समन्वय बनाने को लेकर समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने पार्टी की चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। वही इस बैठक के बाद कांग्रेस के नए कप्तान गणेश गोदियाल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने राजधानी दून में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर बीजेपी को आड़े हाथों लिया। उत्तराखंड कांग्रेस के नए कप्तान गणेश गोदियाल का कहना है कि राज्य निर्माण आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश में पारदर्शी, भ्रष्टाचारमुक्त सरकार की स्थापना के लिए सतत् संघर्ष उनकी एकमात्र प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का वादा कर सत्ता में आई भाजपा ने देश और प्रदेश की जनता को अब तक के इतिहास के सबसे बुरे दिन देखने को मजबूर किया है।

प्रेसवार्ता के दौरान गोदियाल ने किया ये दावा
गोदियाल ने दावा किया कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति को गोदियाल उचित निर्णय मानते हैं। उन्होंने कहा कि चारों पदाधिकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता है। उनकी मदद से पार्टी की नीतियों को ज्यादा बेहतर और मजबूती के साथ जनता के बीच ले जाया जा सकेगा। पार्टी के बद्रीनाथ से धारचूला तक हर कार्यकर्ता की अपने नेतृत्व के साथ सीधी पहुंच रहेगी। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता पर कही बड़ी बात
गोदियाल ने कहा कि मैंने अपने जीवन में गरीबी और बेरोजगारी का दंश झेला है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की जनता से वादा करते हैं कि वर्ष 2022 में कांग्रेस की सरकार बनने पर सरकार की नीतियों में गरीब और बेरोजगार ही सर्वोच्च प्राथमिकता पर होंगे। सरकार की नीतियों में इन दोनों वर्गों के हित ही नजर आएंगे। वहीं उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी-मनभेद को खारिज करते हुए कहा कि यह सब मीडियाजनित बातें हैं। कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है। वैचारिक भिन्नता को मनभेद कैसे कहा जा सकता है? सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर भाजपा के कुशासन के खिलाफ संघर्ष कर उसे वर्ष 2022 के चुनाव में उखाड़ फेंकेंगे।