पौड़ी : एक बार फिर गुलदार की दस्तक से पौड़ी शहर में दहशत का माहौल है. इस बार गुलदार का वीडियो सामने आया है, जिसमें गुलदार घर की छत पर चहलकदमी करते हुए नजर आ रहा हैं. लोगों ने गुलदार के घर में घुसने और फिर सीढ़ियों से छत तक जाने का पूरा वीडियो कैद कर लिया। यह वीडियो शुक्रवार रात का बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार शहर के बीचोबीच एक लक्ष्मी नारायण मंदिर मोहल्ला है। यहां शुक्रवार की रात गुलदार चहलकदमी करते नजर आया । गनीमत यह रही कि जब गुलदार घर में दाखिल हुआ तो कमरे में सभी मौजूद थे। गुलदार की दस्तक से पौड़ी शहर के लोग काफी डरे हुए हैं ।

गौरतलब है कि बुधवार को भी शहर से सटे देवाल गांव में गुलदार को वन विभाग के पिंजरे में कैद कर लिया गया था. जबकि कंडोलिया से लेकर खण्डियूंसैंण कस्बे तक वन विभाग द्वारा रात्रि गश्त भी की जा रही है। जिलाधिकारी के आवास में भी गुलदार की आमद के चलते वन विभाग ने दो पिंजड़े भी लगा दिए हैं. लक्ष्मीनारायण मोहल्ला निवासी ऋषि बहुगुणा जगदंबा प्रसाद बहुगुणा जैसे लोगों का मानना ​​है कि पहाड़ों से पहले गुलदार कभी घरों में प्रवेश नहीं करते थे, लेकिन अब वे वाहनों के पीछे भी भाग रहे हैं।