हल्द्वानी : शहर के हल्द्वानी सिटी क्षेत्र के मुखानी थाने में निकली बारात चर्चा का विषय बनी हुई है. जहां दूल्हे ने अपनी ही बारात में जमकर शराब पीकर हंगामा किया. इतना ही नहीं, आरोप है कि दूल्हे ने अपने दोस्तों की पार्टी के लिए 5 लाख रुपये नकद और एक कार के साथ-साथ पैसे की भी मांग की. काफी हंगामे के बाद दूल्हा मंडप छोड़कर मौके से भाग गया। जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया.
गत दिवस बिठौरिया क्षेत्र निवासी युवक की शादी शहर की ही एक युवती से तय हुई थी. रात में गीत-संगीत के साथ बारात गैस गोदाम स्थित मकान में पहुंची। बारात का स्वागत वधू पक्ष ने किया। आरोप है कि जयमाला की रस्म के दौरान शराब के नशे में दूल्हा आपा खो बैठा तो दूल्हा व उसके दोस्तों ने हंगामा (हल्द्वानी में शादी में हंगामा) शुरू कर दिया.
शराब के नशे में धुत होने के बाद भी दुल्हन पक्ष ने सब कुछ सहते हुए जयमाला की रस्म पूरी की, लेकिन दूल्हा अपने दोस्तों के साथ बारात छोड़कर शराब पीने चला गया. वापस लौटने पर दूल्हा, उसके जीजा और दोस्तों ने खाने को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोस्तों की पार्टी में खाना खराब बताकर पैसे मांगे गए। साथ ही पांच लाख रुपए और एक कार देने के बाद ही शादी करने की शर्त रखी। विरोध करने पर दूल्हे ने जान से मारने की धमकी दी।
इस हंगामे की सूचना वधू पक्ष द्वारा पुलिस को 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को समझाने मौके पर पहुंची, जहां दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. मुखानी थाना प्रभारी राकेश बोहरा का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है, तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

