हल्द्वानी : पिथौरागढ़ की रहने वाली एक युवती ने वनभूलपुरा थाने में टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि टैक्सी चालक ने शादी का झांसा देकर उसको हवस का शिकार बनाया. जब लड़की ने शादी के लिए दबाव डाला तो टैक्सी ड्राइवर की असलियत सामने आ गई और उसने शादी से साफ इनकार कर दिया. वहीं, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
लड़की ने तहरीर में बताया कि वह करीब एक साल से हल्द्वानी में पढ़ाई व नौकरी कर रही है. एक साल पहले पिथौरागढ़ से हल्द्वानी एक टैक्सी से अपने घर आ रही थी। इस दौरान जवाहर नगर हल्द्वानी के पिथौरागढ़ हॉल निवासी टैक्सी चालक प्रशांत बोरा से संक्षिप्त बातचीत हुई. जिसके बाद सोशल मीडिया और फोन कॉल्स के जरिए दोनों में दोस्ती हो गई। 8 महीने पहले प्रशांत ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जिससे वो एक बार प्रेग्नेंट भी हो गई थी। प्रशांत ने उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया।
उसके बाद भी प्रशांत उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। शादी के लिए दबाव बनाने पर उसने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके बड़े बच्चे हैं। वह शादी नहीं कर सकता। वह अपनी पत्नी और बच्चों को नहीं छोड़ सकता। लड़की का आरोप है कि प्रशांत ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पूरे मामले में पीड़िता ने आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ वनभूलपुरा थाने में मामला दर्ज कराया है. पीड़िता की शिकायत पर वनभूलपुरा पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ धारा 376 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

