हल्द्वानी : शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त बनाने के लिए पुलिस विभाग को 40 लाख की राशि नगर निगम ने दी है. नगर निगम सभागार में एसपी सिटी (हल्द्वानी एसपी सिटी) हरबंस सिंह को मेयर (हल्द्वानी नगर निगम मेयर) डॉ. जोगेंद्र रौतेला व नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने 40 लाख का चेक सौंपा. इस राशि से पुलिस विभाग हाईटेक सीसीटीवी कैमरे खरीदेगा। जिससे पुलिस को अपराध नियंत्रण में और मदद मिलेगी।

इस दौरान हल्द्वानी मॉडर्न पुलिसिंग को लेकर मेयर ने कहा कि आज के दौर में ज्यादातर अपराधों को सुलझाने में सीसीटीवी का अहम योगदान है. लिहाजा हल्द्वानी शहर में आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने सीसीटीवी लगाने के लिए पुलिस को 40 लाख रुपये की राशि दी है. साथ ही भविष्य में और सीसीटीवी लगाने होंगे तो उसके लिए भी नगर निगम बजट जारी करेगा।

वहीं एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा कि नए सीसीटीवी लगने से पुलिस को अपराध नियंत्रण में और मदद मिलेगी. साथ ही अब पुलिस एक जगह से पूरे शहर पर नजर रखेगी। गौरतलब है कि कुमाऊं की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले हल्द्वानी शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. ऐसे में हल्द्वानी नगर निगम ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस विभाग को 40 लाख रुपये का बजट जारी किया है. जिससे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।