देहरादून : आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी पार्टियां काफी मेहनत करने में जुटी हुई हैं। पार्टियों के बीच दल बदल का दौर भी जारी है। वहीं उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से घमासान की स्थिति बनी हुई है। लेकिन अब लंबे समय से कुनबे में मची घमसान थमने के बाद बीते दिन कांग्रेस ने उत्तराखंड के लिए भी कांग्रेस पदाधिकारियों का ऐलान करके लंबे समय से चले आ रहे सियासी संकट पर विराम लगा दिया है। वरिष्ठ और अनुभवी नेता तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की अगुवाई में अब कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव लड़ेगी।

गणेश गोदयाल को बनाया गया प्रदेश अध्यक्ष
कांग्रेस पदाधिकारियों के नाम के साथ ही पार्टी में सभी की जिम्मेदारियां भी बांट दी गई हैं। इसमें गणेश गोदयाल को उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ चार कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई है। इसके अलावा उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर प्रीतम सिंह के नाम की घोषणा की गई है। वहीं आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीनियर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को प्रचार कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है।

हरीश रावत होंगे चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष
जानकारी के मुताबिक गणेश गोदयाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के साथ-साथ जीत राम, भुवन कापडी, तिलक राज बेहड, रंजीत रावत को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तराखंड में कांग्रेस की चुनाव प्रचार कमेटी की बात करें तो हरीश रावत इसके अध्यक्ष होंगे। वहीं प्रदीप टमटा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। तो वहीं दिनेश अग्रवाल को संजोयक चुना गया है। इसके साथ ही आर्येन्द्र शर्मा उत्तराखंड कांग्रेस के कोषाध्यक्ष होंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद से कांग्रेस विधायक दल के नेता का पद रिक्त हुआ था जो अब प्रीतम सिंह द्वारा भरा जा चुका है। अब देखना यही होगा कि इस नई टीम के साथ उत्तराखंड कांग्रेस के सभी गुट संतुष्ट होते है या नहीं।