कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दाढ़ी पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि दाढ़ी रखने से कोई गुरु रवींद्रनाथ टैगोर नहीं हो जाता। दरअसल सीएम धामी ने एक दिन पहले राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा था कि दाढ़ी बढ़ा लेने से कोई प्रधानमंत्री नहीं बन जाता .

राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं और अपनी बढ़ी हुई दाढ़ी को लेकर चर्चा में हैं. सीएम धामी द्वारा राहुल गांधी पर किए गए तंज से पूर्व सीएम रावत भी भड़क गए। उन्होंने पीएम मोदी की तरफ इशारा करते हुए जवाब दिया है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान दाढ़ी बढ़ाई थी। उस वक्त इसे बंगाल में हुए चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा था।

रावत ने कहा कि दाढ़ी सम्मान का प्रतीक है और देश के प्रतिष्ठित समाज के लिए यह धर्म का भी अंग है। संत-महात्मा, पीर, फकीर, सब दाढ़ी रखते हैं। हमारे देश में दाढ़ी रखने वाले राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी हुए हैं। हां, एक बात सच है कि दाढ़ी रखने से कोई गुरु रवींद्रनाथ टैगोर नहीं हो जाता।