केम्पटी ,
टिहरी में लखवाड़ बांध संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें लखवाड़ बांध से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 31 मार्च तक स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं दिया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष महिपाल सिंह रजवाण ने की। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति बेरोजगार युवाओं को लखवाड़ परियोजना में हरसंभव रोजगार दिलाने के लिए प्रयासरत है। साथ ही जिन लोगों की परिसंपत्तियों का मुआवजा लंबित है, उनके शीघ्र भुगतान के लिए शासन-प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।
समिति के सचिव राकेश राणा ने बताया कि कंपनी द्वारा बांध प्रभावित युवाओं को उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद में कौशल प्रशिक्षण इस शर्त पर दिया जा रहा है कि वे लखवाड़ परियोजना में नौकरी के लिए आवेदन नहीं करेंगे। समिति ने इस शर्त का विरोध करते हुए स्पष्ट किया कि स्थानीय युवाओं को परियोजना में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
बैठक में ग्रामीणों ने खेत, खलिहान, छानी, घराट, फलदार पेड़ों और अन्य परिसंपत्तियों के मुआवजे की राशि बढ़ाने तथा शीघ्र भुगतान की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर समिति के महामंत्री सुंदर सिंह चौहान, उपाध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, संदीप तोमर, सबल सिंह राणा, जयपाल राणा, राकेश रावत, सिकंदर रोहिल्ला, सुरेश रावत तथा दीपक रावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Recent Comments