बागेश्वर : कौसानी में पुराने साल को विदा करने और नये साल का स्वागत करने के लिये देशी-विदेशी सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा है. होटल, रेस्टोरेंट आदि में करीब 30 फीसदी बुकिंग हो चुकी है। 25 से 31 दिसंबर तक उत्सव का माहौल रहेगा।

जनवरी माह में पर्यटकों की आवाजाही रहेगी

पर्यटकों को यहां से हिमालय की लंबी श्रृंखला देखने को मिलेगी। जनवरी माह भर यहां पर्यटकों की आवाजाही बनी रहेगी। जिसके लिए होटल, रेस्टोरेंट, शाल फैक्ट्रियों आदि के व्यवसायियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मिनी स्विटजरलैंड कौसानी में पिछले दो साल से कोरोना के चलते गतिविधियां कम नजर आ रही हैं। इस साल पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है।

हिमालय का मनोरम दृश्य दिखाई देता है

कौसानी से हिमालय का मनोरम दृश्य बहुत ही सुंदर दिखाई देता है। कौसानी की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। पर्यटक ट्रेकिंग के लिए पिनाक, वृद्ध पिनाक, गोपाल कोर्ट, दीपा माई मंदिर, पिंगलेश्वर महादेव मंदिर, नागर टी-स्टेट के अलावा चाय के बागान जैसे स्थानों की यात्रा कर सकते हैं। बैजनाथ मंदिर में शिव परिवार के दर्शन करेंगे। यहां की कृत्रिम झील में बोटिंग का मजा भी ले सकते हैं।

पर्यटन व्यवसाय बढ़ने की उम्मीद है

रुद्रधारी महादेव मंदिर का झरना उन्हें आकर्षित करेगा। शाल फैक्ट्री के अलावा आप महात्मा गांधी की तपस्या की जगह अनासक्ति आश्रम भी जा सकते हैं। यहां पर्यटन व्यवसाय बढ़ने की उम्मीद है।

कुमाऊंनी भोजन परोसा जाएगा

पर्यटकों के स्वागत में कुमाऊंनी व्यंजन परोसे जाएंगे। होटल एसोसिएशन के सचिव गजेंद्र मेहरा ने बताया कि पर्यटकों के लिए पहाड़ी व्यंजनों जैसे डुवे की रोटी, गहत की दाल, पहाड़ी रायता, भट के डुबके, भट्ट की चुरकानी आदि की व्यवस्था की गई है.

हेरिटेज रिसोर्ट के नंदन सिंह ने कहा कि पर्यटकों को अलाव और पहाड़ी संगीत के साथ कुमाऊं के व्यंजन प्रमुखता से परोसे जाएंगे। कौसानी के शाल व्यवसायी गिरीश कांडपाल ने कहा कि पर्यटकों से अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।

कौसानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। नए साल के जश्न के लिए होटल, रेस्टोरेंट आदि में खास इंतजाम किए जा रहे हैं. पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

  • कीर्ती चंद्र आर्य, जिला पर्यटन अधिकारी