देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम
कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 76) और जसप्रीत बुमराह (6/19) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने मंगलवार को ओवल में पहले एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड को 10 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली । इंग्लैंड के 110 रन के जवाब में भारतीय टीम ने 18.4 ओवर में 114 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत शानदार रही और सलामी बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा और शिखर धवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10वें ओवर के बाद टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचाया।
इस बीच दोनों बल्लेबाज इंग्लिश गेंदबाजों पर हावी हो रहे थे और आसानी से चौके और छक्के लगा रहे थे, जिससे भारत का स्कोर 15 ओवर के बाद बिना विकेट के 74 पर पहुंच गया। टीम को जीत के लिए अब भी 37 रन चाहिए थे। 17वें ओवर में कप्तान रोहित ने कार्स की गेंद पर छक्का लगाकर 49 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद भी उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। 18वें ओवर में शिखर ने मोईन अली की गेंद पर सिंगल लिया और भारत का स्कोर 100 रन पर पहुंच गया.
इसके बाद, शिखर ने कार्स की गेंद पर चौका लगाकर 18.4 ओवर में 114 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया . भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त ले ली। कप्तान रोहित 58 गेंदों में छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद रहे और शिखर 54 गेंदों में चार चौकों की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रहे.
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत शर्मनाक रही क्योंकि बुमराह और शमी ने अपने शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ते हुए 7.5 ओवर में 26 रन के अंदर ही आधी टीम पवेलियन लौट गई। इस दौरान सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय, जो रूट, बेन स्टोक्स और लियाम लिविंगस्टोन बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए, जबकि फॉर्म में चल रहे जॉनी बेयरस्टो (7) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सके और चलते रहे.
इसके बाद कप्तान जोस बटलर और मोईन अली ने लड़खड़ाती पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन मोईन (14) के आउट होते ही शमी ने अगले ओवर में कप्तान बटलर (30) को चलता किया.
इस बीच, डेविड विली (21) और ब्रायडन कार्स (15) ने 35 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को 25.2 ओवर में 110 तक पहुंचाने में मदद की। यह भारत के खिलाफ इंग्लैंड का सबसे कम स्कोर है। वहीं जसप्रीत बुमराह ने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छह विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी ने तीन और कृष्णा ने एक विकेट लिया।

