देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम

भारत ने दो मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में आयरलैंड के खिलाफ 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। 12-12 ओवर के इस मैच में भारत को जीत के लिए 109 रन का लक्ष्य मिला, जिसे भारतीय टीम ने 9.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान हार्दिक पंड्या (24 रन) और दीपक हुड्डा (नाबाद 47 रन) ने 30 रन पर लगातार दो विकेट गिरने के बाद तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया. इसके बाद दिनेश कार्तिक ने 4 गेंदों में नाबाद 5 रन बनाकर हुड्डा के साथ टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।

जानिए क्या रहा मैच का हाल

टॉस हारकर पहले खेलने का फैसला करते हुए आयरलैंड की शुरुआत खराब रही। बारिश के कारण मैच को 12 ओवर का कर दिया गया था। आयरलैंड ने 4 ओवर के पावरप्ले में 22 रन पर तीन विकेट खो दिए। भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या और आवेश खान ने भारत को एक-एक सफलता दिलाई। लेकिन इसके बाद हैरी टेक्टर ने बढ़त बना ली और चौथे विकेट के लिए टकर(18) के साथ 50 रन की साझेदारी की. युजवेंद्र चहल ने टकर को पवेलियन भेजा लेकिन उसके बाद कोई आयरिश विकेट नहीं गिरा.

आयरलैंड ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। हैरी टेक्टर 33 गेंदों में 64 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने सभी भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हार्दिक पांड्या ने 2 ओवर में 26 रन और आवेश खान ने 2 ओवर में 22 रन देकर एक-एक विकेट लिया। दोनों काफी महंगे भी साबित हुए। भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर किफायती रहे और उन्होंने 3 ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया। युजवेंद्र चहल ने भी 3 ओवर में 11 रन देकर एक विकेट लिया। डेब्यूटेंट उमरान मलिक 1 ओवर में 14 रन पर महंगे हुए।

दीपक हुड्डा और हार्दिक पांड्या ने कमान संभाली

इस मैच में भारत के लिए ईशान किशन और दीपक हुड्डा ने पारी की शुरुआत की। ईशान ने 11 गेंदों पर 26 रन बनाए और कुल 30 रन पर यंग का शिकार बने। बैक टू बैक भारत को दो झटके लगे और पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव को भी यंग ने लेग बिफोर लपका। 30 रन पर दो विकेट गिरने के बाद दीपक हुड्डा और हार्दिक पांड्या ने भारत की पारी की कमान संभाली और आसान जीत की ओर ले गए। दूसरा मैच मंगलवार, 28 जून को डबलिन के इसी मैदान पर खेला जाएगा।