भारत और श्रीलंका के बीच आज दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली भारतीय टीम ने पहला मैच 2 रन के करीबी अंतर से जीतकर तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 162 रन बनाए. जवाब में श्रीलंकाई टीम आखिरी गेंद पर 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
दासुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम दूसरा मैच जीतकर सीरीज बराबर करना चाहेगी। वहीं, भारतीय टीम सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि पुणे की पिच कैसा बर्ताव करेगी और यहां का मौसम क्या कह रहा है।
कैसी होगी पुणे के एमसीए स्टेडियम की पिच
एमसीए स्टेडियम की पिच पर हमेशा बल्लेबाजों का दबदबा रहा है। इस पिच पर काली मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है, जो उछाल देती है. यहां की पिच सपाट है इसलिए बल्लेबाजों को मजा आने वाला है। हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाज कुछ परेशानी खड़ी कर सकते हैं। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 171 है, जो साबित करता है कि पिच बल्लेबाजों के लिए आसान होने वाली है।
कैसा रहेगा पुणे का मौसम
भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच गुरुवार शाम 7 बजे से शुरू होगा। मैच का टॉस आधा घंटा पहले होगा। पुणे में मौसम साफ है, ऐसे में प्रशंसक पूरे मैच का एक्शन देख सकेंगे। पुणे में शाम को तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। यहां आद्रता 44 फीसदी रहेगी जबकि 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। अगर पुणे में बारिश ने खेल में खलल नहीं डाला तो मैच रोमांचक होने की उम्मीद है।

