Ind vs WI 4th ​​T20 : पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच लॉडरहिल, फ्लोरिडा में खेला गया। इस मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 191 रन बनाए और पूरन की टीम को जीत के लिए 192 रन का लक्ष्य दिया।

जीत के लिए 192 रन के लक्ष्य के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवर में 132 रन पर ऑल आउट हो गई और उसे 59 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में जीत के साथ, भारत ने पांच मैचों की T20I श्रृंखला में 3-1 की अजेय बढ़त के साथ T20I श्रृंखला पर भी कब्जा कर लिया। चौथे मैच की पहली पारी में भारत ने बल्लेबाजों और फिर दूसरी पारी में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर ही मैच जीत लिया. 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट लेकर आवेश खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वेस्टइंडीज के कप्तान पूरन ने बनाए 24 रन और वेस्टइंडीज की पारी

भारत को पहली सफलता आवेश खान ने ब्रैंडन किंग को 13 रन पर आउट कर दिलाई। इसके बाद डोवेन थॉमस को आवेश खान ने एक रन पर आउट कर दिया, जबकि कप्तान निकोलस पूरन 24 रन बनाकर रन आउट हो गए। मार्यस ने 14 रन बनाए जबकि पॉवेल को अक्षर पटेल ने 24 रन पर आउट किया। अर्शदीप सिंह ने 13 रन के स्कोर पर जेसन होल्डर को संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। रवि बिश्नोई की गेंद पर अकील हुसैन तीन रन पर आउट हुए जबकि हेटमायर ने 19 रन बनाए। डोमिनिक डार्क को अर्शदीप सिंह ने 5 रन पर बोल्ड किया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन जबकि अवेश खान, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए।

भारत के कप्तान रोहित ने बनाए 33 रन और भारत की पारी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 16 गेंदों में 33 रनों की तेज पारी खेली और पहले विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ 53 रन की साझेदारी की। इस मैच में अकील हुसैन ने हिटमैन को बोल्ड किया। सूर्यकुमार यादव ने भी 14 गेंदों पर 24 रन बनाए, लेकिन अल्जारी जोसेफ ने उन्हें पगबाधा आउट कर उनकी पारी का अंत किया। दीपक हुड्डा ने 19 गेंदों पर 21 रन बनाए और अल्जारी जोसेफ ने उन्हें आउट किया। ऋषभ पंत ने 31 गेंदों में 44 रन बनाए, लेकिन वह अर्धशतक से चूक गए। दिनेश कार्तिक सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन ने 23 गेंदों में 30 रन बनाए जबकि अक्षर पटेल ने 8 गेंदों में 20 रन बनाए और नाबाद रहे.