महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 के लिए जंग बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. सभी टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रही हैं. भारतीय महिला क्रिकेट टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए आज (20 फरवरी) आयरलैंड के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक तीन मैच खेले हैं, जिसमें से उसे 2 मैचों में जीत और एक में हार का सामना करना पड़ा है. भारत को इंग्लैंड ने करीबी मुकाबले में 11 रनों से हरा दिया, जिससे अंक तालिका का गणित बिगड़ गया।भारत फिलहाल अंक तालिका में 4 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। अगर टीम इंडिया आज का मैच जीत जाती है तो ग्रुप-बी से भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेंगी। आइए जानते हैं, आयरलैंड के खिलाफ कैसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन?

कप्तान को इन सलामी बल्लेबाजों पर भरोसा है
भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी हिट रही है. दोनों खिलाड़ी विस्फोटक बल्लेबाजी में माहिर हैं और टी20 क्रिकेट में कुछ ही गेंदों में मैच का रुख पलट सकते हैं. मंधाना ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन वह भारतीय टीम को जीत नहीं दिला सकीं.उन्होंने इंग्लिश टीम के खिलाफ 41 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली थी। जेमिमा रोड्रिग्स के पास तीसरे नंबर पर मौका हो सकता है। जेमिमा ने अकेले दम पर टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दिलाई।
क्या मिडिल ऑर्डर में हो सकता है बदलाव?
ऋचा घोष ने टी20 विश्व कप 2023 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 31, वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 और इंग्लैंड के खिलाफ 47 रन बनाए। उनकी विकेटकीपिंग स्किल्स भी शानदार हैं। उनका आयरलैंड के खिलाफ खेलना तय लग रहा है। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर उतर सकती हैं। वहीं शिखा पांडे की जगह पूजा वैद्य को मौका मिल सकता है।
दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर का प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2023 में भारत के लिए तुरुप का इक्का साबित हुआ है। साथ देने के लिए टीम में राजेश्वरी गायकवाड़, राधा यादव और रेणुका सिंह को जगह मिल सकती है. रेणुका सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ 4 ओवर में 15 रन देकर 5 विकेट लिए। ऐसे में उनसे आयरलैंड के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग XI:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स, पूजा वैद्य, रेणुका सिंह, पूजा वस्त्राकर, दीप्ति शर्मा, राधा यादव और राजेश्वरी गायकवाड़

