स्वतंत्रता दिवस 2022 : भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर जहां आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, वहीं गूगल ने भी इस दिन को अपने खास अंदाज में मनाया है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गूगल ने अपने ही अंदाज में डूडल बनाया है. इसमें रंग-बिरंगी पतंगों को उड़ते हुए दिखाया गया है। ये पतंगें भारत ने अब तक जो ऊंचाईयां हासिल की हैं, उन्हें प्रदर्शित कर रही हैं।

इस डूडल को केरल की कलाकार नीति ने बनाया है, जिसमें 15 अगस्त के मौके पर भारत को अपनी आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाते हुए दिखाया गया है. इस खास मौके पर गूगल ने एक GIF बनाया है। स्वतंत्रता दिवस 2022 डूडल में पतंगों के माध्यम से भारत की संस्कृति को दर्शाया गया है। पतंगों के साथ गूगल का यह डूडल 75 वर्षों में भारत की महान ऊंचाइयों का प्रतीक है।

अंग्रेजों के खिलाफ पतंगों का प्रयोग

डूडल के बारे में अपने विचार साझा करते हुए, कलाकार नीति ने कहा कि हमारी सबसे प्यारी यादों में से एक पतंगबाजी सदियों पुरानी परंपरा रही है। यह परंपरा भी भारतीय स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का एक अभिन्न अंग रही है।

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि आजादी से पहले स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ नारे लगाने के लिए पतंगों का इस्तेमाल किया था। उन्हें विरोध के संकेत के रूप में आकाश में उड़ा दिया गया था।

गूगल ने बनाया 2 मिनट का वीडियो

इससे पहले गूगल ने भारत की उड़ान नाम से एक डिजिटल पेज को अपनी वेबसाइट पर लाइव किया था। भारत की उड़ान को आप गूगल आर्ट एंड कल्चर के पेज पर देख सकते हैं। आपको बता दें कि इसके लिए गूगल ने एक नई वेबसाइट बनाई है, जिसका नाम है गूगल आर्ट एंड कल्चर।

इस वेबसाइट में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू महात्मा गांधी समेत तमाम नेताओं की तस्वीर दिखाई गई है. गूगल ने 2 मिनट का वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें 1947 में भारत की आजादी से लेकर अब तक के 75 साल के सफर को दिखाया गया है। इस वीडियो में आप केवल 2 मिनट में पिछले 75 वर्षों का भारतीय इतिहास देखेंगे।