नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM

तमिलनाडु के कुन्नूर के पास वायु सेना दुर्घटना में घायल हुए वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बेंगलुरु के एक अस्पताल में निधन हो गया। कुन्नूर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी.

इस हादसे में वरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए बैंगलोर शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन वहां भी उनकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार आज उनकी मौत हो गई।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह आज जिंदगी की जंग हार गए। भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है।

भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर बताया कि यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का आज इलाज के दौरान निधन हो गया। 8 दिसंबर 2021 को हुए हादसे में वे एकमात्र जीवित बचे थे। वायु सेना उनके निधन पर शोक व्यक्त करती है और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।