देहरादून, पहाड़ न्यूज़ टीम

सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2022 के लीग चरण का आखिरी यानि 70वां मैच खेला गया। पंजाब ने इस मैच को 5 विकेट से जीत लिया और सीजन का अंत अच्छे तरीके से किया। ये दोनों टीमें प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी थीं, इसलिए यह केवल एक औपचारिक मैच था। इस जीत के साथ पंजाब अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि हैदराबाद आठवें स्थान पर है। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने पंजाब के सामने 158 रनों का लक्ष्य रखा था। पंजाब ने यह स्कोर 29 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। हरप्रीत बरार को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की ओपनिंग जोड़ी जॉनी बेयरस्टो (23) और शिखर धवन (39) ने तेज शुरुआत दी. बेयरस्टो के विकेट के बाद, पंजाब ने शाहरुख खान और मयंक अग्रवाल के रूप में कुछ शुरुआती विकेट गंवाए, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी करने आए लिविंगस्टोन ने 22 गेंदों में 5 छक्कों और दो चौकों की मदद से 49 रनों की नाबाद पारी खेली और मैच को जल्दी समाप्त कर दिया ।

हैदराबाद की पारी की बात करें तो अर्शदीप सिंह ने किफायती गेंदबाजी से भारतीय टीम में चयन का जश्न मनाते हुए चार ओवर में केवल 25 रन दिए. वहीं हरप्रीत बरार ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए. उन्होंने प्रियम गर्ग, राहुल त्रिपाठी और एडेन मार्कराम को पवेलियन भेजा. चार क्वालीफायर टीमों का फैसला हो चुका है, ऐसे में यह मैच महज औपचारिकता भर है। सनराइजर्स की टीम काफी थकी हुई नजर आ रही थी और खिलाड़ियों में प्रेरणा की कमी साफ नजर आ रही थी. सनराइजर्स के लिए सीजन के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर अच्छी शुरुआत की लेकिन उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके. उन्होंने 32 गेंदों में 43 रन बनाए।

त्रिपाठी ने इस सत्र में 400 रन पूरे किए लेकिन 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कहीं न कहीं भारतीय टीम में न चुने जाने की टीस उनके प्रदर्शन पर हावी रही और वह खुलकर स्ट्रोक भी नहीं खेल पाए. रोमारियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में नाबाद 26 और सनराइजर्स को 150 के पार ले जाने के लिए वाशिंगटन सुंदर ने 19 गेंदों में 25 रन बनाए। दोनों ने छठे विकेट के लिए 4.5 ओवर में 58 रन की साझेदारी की। आखिरी चार ओवर में 50 से ज्यादा रन बने. नाथन एलिस ने चार ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट लिए लेकिन आखिरी ओवरों में महंगे साबित हुए। एलिस ने लगातार दो गेंदों में विकेट लिए लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें हैट्रिक नहीं लेने दिया। हालांकि अगली गेंद पर वह रन आउट हो गए।