चमोली,
भूस्खलन से चार माह से जौरासी-तोणजी सड़क बंद पड़ी है। बृहस्पतिवार को तोणजी गांव के ग्रामीणों ने सड़क बंद होने की शिकायत उपजिलाधिकारी संतोष कुमार पांडे से की तो एसडीएम ने कार्यदायी संस्था के प्रबंधक को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और सड़क तुरंत खुलवाने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही एनपीसीसी कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर जल्द सड़क खोलने का आश्वासन दिया।
पिछले लंबे समय से जौरासी-तोणजी (7 किमी) सड़क पर द्वितीय फेज के तहत नाली, पुश्ता व हिल साइड दीवार निर्माण का काम चल रहा है। हालांकि सड़क पर छोटे वाहनों की आवाजाही भी होती थी लेकिन पिछले चार माह से सड़क भूस्खलन से बंद पड़ी है। ऐसे में ग्रामीणों को गंतव्य तक जाने के लिए करीब दस किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की। एसडीएम ने एनपीसीसी के प्रबंधक नरेश टमटियाल को फटकार लगाई और शीघ्र सड़क को खोलने और सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। इस मौके पर तोणजी के ग्राम प्रधान मुकेश नेगी, पूर्व प्रधान माहेश्वरी नेगी, सत्येंद्र नेगी और ठाकुर सिंह आदि शामिल रहे।

