.जोशीमठ : सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने जोशीमठ में भू-धंसाव प्रभावित बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को क्लीन चिट दे दी है। बीआरओ के मुताबिक बदरीनाथ यात्रा के लिए हाईवे पूरी तरह से तैयार है। इस बीच हाईवे पर दरारें पूरी तरह भर दी गई हैं। जहां जिस तरह की सुरक्षा व्यवस्था की जानी थी, उसे पूरा कर लिया गया है। हाईवे पर ट्रैफिक सामान्य दिनों की तरह चल रहा है।
प्रदेश में चार धाम यात्रा अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुरू होगी। जोशीमठ भूस्खलन के बाद हाईवे पर कई जगहों पर दरार भी पड़ गई है. इसके बाद बद्रीनाथ यात्रा पर संशय के बादल मंडराने लगे। इसको लेकर सरकार भी काफी चिंतित थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से बीआरओ को सड़क सुधार के लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।
जोशीमठ में बीआरओ कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने कहा कि हाईवे पर जहां-जहां दरारें दिखीं, उन्हें रेत सामग्री और सीमेंट से भर दिया गया है। जहां आवश्यक हो वहां राजमार्ग के दोनों ओर दीवार बनाकर पूरण कार्य किया गया है।
निचले इलाकों को व्यवस्थित तरीके से भरकर समतल करने के बाद हाईवे को पूरी तरह से दुरुस्त कर दिया गया है. अब कोई समस्या नहीं है। हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
इन जगहों पर हाइवे धंस गया था
जोशीमठ से मारवाड़ी तक हाईवे कई स्थानों पर धंस गया था। इसमें चार जगहों पर बड़ी दरारें आई हैं। इसमें बीआरओ कार्यालय के समीप, जेपी कॉलोनी के पास, टास्क फोर्स हेड र्क्वाटर के ऊपर और नीचे भूस्खलन होने से वाहनों का आवागमन बाधित हो गया.
हेलंग से जोशीमठ का सफर भी आसान हो गया
बीआरओ ने हेलंग से जोशीमठ तक दस किलोमीटर हाईवे के चौड़ीकरण का काम भी पूरा कर लिया है। सफर के दौरान वाहनों का यहां-वहां जाम लग जाता था। पहाड़ी को काटकर हाईवे को चौड़ा करने का काम बीआरओ ने किया है। अब हाईवे को पक्का करने की तैयारी चल रही है। बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि यात्रा शुरू होने से पहले इस सेक्शन में हाईवे की पूरी तरह से मरम्मत कर दी जाएगी।

