देहरादून : चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा से यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को 24 घंटे पहले टिकट कैंसिल कराने पर किराया रिफंड नहीं मिलेगा। जबकि 72 घंटे से पहले टिकट रद्द कराने पर 75 फीसदी किराया वापस किया जा सकता है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) हेली सेवाओं के लिए टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है।
सरकार की ओर से इस बार केदारनाथ हेली सेवा में टिकट बुकिंग और यात्रियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था की जा रही है. आईआरसीटीसी को हेली सेवा के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी जा रही है। जिससे टिकटों की कालाबाजारी की नौबत नहीं आएगी। इसके लिए जल्द ही आईआरसीटीसी के साथ करार किया जाएगा।
गुप्तकाशी से हेली सेवा के लिए आज टेंडर खोले जाएंगे
यूकाडा ने अब तक तीन साल के लिए फाटा, सिरसी से हेली सेवा चलाने के लिए पवन हंस, हिमालयन हेली, कैट्रल एविएशन को लगाया है। जबकि गुप्तकाशी से केदारनाथ के बीच हेली सेवा के टेंडर 21 मार्च को खोले जाएंगे।
मौसम की जानकारी के लिए केदारघाटी में कैमरे लगाए जाएंगे
पिछले साल खराब मौसम के कारण केदारघाटी में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। पायलट सहित सात लोगों की मौत हो गई। इस बार हेली सेवा के सफर को सुरक्षित करने के लिए केदारघाटी में जगह-जगह कैमरे लगाए जाएंगे।ये कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। घाटी में बादल या खराब मौसम कैमरे से पता चलेगा। कंट्रोल रूम से हेली सर्विस के पायलट और क्रू मेंबर्स को इसकी जानकारी दी जाएगी।

