खटीमा , PAHAAD NEWS TEAM
रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत के सुदूर नेपाल सीमा से लगे तामली इलाके में पहुंचे. हेलीपैड से मुख्यमंत्री धामी आम जनता के साथ करीब तीन से चार किलोमीटर पैदल चलकर जनसभा स्थल पहुंचे. जहां स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा, ‘अगर मैं यहां कार में आ जाता तो आप सभी पीछे छूट जाते, इसलिए हमने तय किया कि हम भी पैदल ही सभा स्थल पर जाएंगे, मैं आपका बेटा हूं, मैं आपका साथ कभी नहीं छोड़ूंगा’ .
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं क्षेत्र के लोगों का हाल जानने आया हूं और आशीर्वाद मांगता हूं. लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया है। मुख्यमंत्री धामी का यह क्षेत्र का लगातार दूसरा दौरा है। मंच तामली क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। सीएम धामी के इन दौरों को कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने के मकसद से जोड़ा जा रहा है.
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी के साथ बीजेपी के कई मंत्री और पूर्व विधायक भी मौजूद रहे. चंपावत उपचुनाव जीतने के लिए सीएम धामी और बीजेपी कार्यकर्ता कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. जिसके लिए बीजेपी के कई मंत्री और दिग्गज नेता चंपावत में डेरा डाले हुए हैं. जनसभा के बाद मुख्यमंत्री तामली अस्थायी हेलीपैड से हेलिकॉप्टर से चंपावत सर्किट हाउस हेलीपैड के लिए रवाना हुए.

