कोटद्वार : गुलदार का आतंक लैंसडाउन वन प्रमंडल में थमने का नाम नहीं ले रहा है. कोटद्वार दुगड्डा में दो बाइक सवार युवकों पर गुलदार ने हमला कर दिया. इस हमले में दिमेंदर चौहान (24 वर्ष) पुत्र जगमोहन चौहान, निवासी गांव धरासु, पोस्ट ऑफिस चौबट्टाखाल और कमल चौहान (32 वर्ष) पुत्र कुशाल चौहान घायल हो गए.

आपको बता दें कि दिमेंदर और कमल दोनों बाइक से देहरादून जाने के लिए निकले थे। तभी अचानक गुलदार ने उन दोनों पर कोटद्वार दुगड्डा के बीच में ऐंता बैंड के पास हमला कर दिया. गनीमत रही कि दोनों ने हिम्मत दिखाई और तेज रफ्तार में बाइक चलाकर अपनी जान बचा ली। दोनों युवकों का इलाज कोटद्वार बेस अस्पताल में चल रहा है।
लैंसडाउन वन मंडल के दुगड्डा गोदी गांव में भी गुलदार ने एक महिला को अपना निवाला बना लिया था. अभी एक हफ्ते पहले ही लैंसडाउन कैंट परिसर में गुलदार ने सेना के एक जवान पर हमला कर दिया था, जिसमें जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था.
गुलदार के आतंक को देखते हुए लैंसडाउन कालेश्वर मंदिर समिति ने सुबह की आरती का समय बदल दिया। वहीं, कुछ दिन पहले दुगड्डा के पास सुबह स्कूल जा रहे एक शिक्षक पर भी गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया. लैंसडाउन वन मंडल में गुलदार की लगातार दस्तक से लोग दहशत में हैं।

