लक्सर : हरिद्वार जिले के लक्सर में ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर व्यापारियों ने बुद्धि शुद्धि के लिए हवन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी भी शामिल थे. लक्सर व्यापार मंडल के मनोज वर्मा ने कहा कि सरकार ने करोड़ों रुपये के निवेश से लक्सर रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण किया था, लेकिन यहां ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के बजाय इसे और कम कर दिया गया.

कारोबारियों ने कहा कि कोरोना काल में सभी ट्रेनें बंद रहीं. लेकिन कोरोना काल खत्म होने के बाद लक्सर होते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जाने वाली कई ट्रेनों को बायपास कर दिया गया. ट्रेनों के बायपास होने से न केवल स्थानीय लोगों, व्यापारियों और छात्रों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि ट्रेनों के न होने से क्षेत्र का विकास भी ठप हो गया है. स्टेशन पर खाने-पीने का सामान बेचने वाले विक्रेताओं के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

व्यापारियों ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी: व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अब उन्होंने सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया है. जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वे 12 सितंबर से भूख हड़ताल करेंगे।

आपको बता दें, कोरोना काल के बाद ऋषिकेश, दिल्ली, हरिद्वार दिल्ली पैसेंजर और देहरादून बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज को लक्सर से बायपास हरिद्वार देहरादून और ऋषिकेश में स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे लक्सर क्षेत्र के श्रमिक, मजदूर, छात्र परेशान हैं. समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक पर उनकी बात नहीं मानने का आरोप लगाया है।