महिला और युवक मंगल दल की संयुक्त बैठक में लिया गया निर्णय — बेचने पर ₹5100, पीने पर ₹2100 का दंड

नई टिहरी। टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत भेनगी ने नशा मुक्ति की दिशा में अहम कदम उठाते हुए गांव में शराबबंदी का फैसला लिया है। इस फैसले को महिला मंगल दल और युवक मंगल दल की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में तय किया गया कि अब ग्राम पंचायत भेनगी और भेनगी बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार की शराब की बिक्री और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैठक की अध्यक्षता युवक मंगल दल के परमवीर पोखरियाल और महिला मंगल दल की रीता देवी ने की। इस दौरान गांव के कई जनप्रतिनिधि और नागरिक भी मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने गांव में शराब के बढ़ते चलन और उससे होने वाले सामाजिक नुकसान पर चिंता व्यक्त की। चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति गांव या बाजार में शराब बेचते हुए पकड़ा गया, तो उस पर ₹5100 का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, यदि कोई व्यक्ति शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करता है या गाली-गलौज करता है, तो उस पर ₹2100 का दंड लगेगा। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने की स्थिति में भी यही जुर्माना लागू होगा।

बैठक के दौरान महिला मंगल दल के रिक्त सचिव पद की जिम्मेदारी विनीता देवी को सौंपी गई। बैठक के बाद महिला और युवक मंगल दल की ओर से लंबगांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रौतेला को एक पत्र सौंपा गया, जिसमें गांव और बाजार क्षेत्र में शराब की बिक्री व सेवन पर रोक लगाने के निर्णय से अवगत कराया गया और पुलिस से इस दिशा में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि गांव में शांति बनी रहे।

बैठक में विनीता देवी, बसंती देवी, किशन देवी, कमला देवी, फुलदेई देवी, लक्ष्मी देवी, मुकेश सिंह, भगवान सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।