नई दिल्ली। सैमसंग की अगली फ्लैगशिप Galaxy S27 सीरीज को लेकर टेक जगत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सामने आई लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 2026 की पहली तिमाही में Galaxy S27 सीरीज लॉन्च कर सकती है। इस बार लाइनअप में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी Edge मॉडल को हटाकर नया Galaxy S27 Pro पेश करने की तैयारी में है।

लीक्स के अनुसार, नई सीरीज में Galaxy S27, Galaxy S27+, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra शामिल हो सकते हैं। S27 Pro को उन यूजर्स के लिए पेश किए जाने की संभावना है, जो प्रीमियम फीचर्स चाहते हैं, लेकिन Ultra मॉडल की कीमत से कम बजट में फ्लैगशिप डिवाइस तलाशते हैं।

Galaxy S27 Pro के संभावित फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.7 इंच की M16 OLED डिस्प्ले मिलने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें कलर-फिल्टर ऑन-एनकैप्सुलेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे डिस्प्ले की विजुअल क्वालिटी के साथ बैटरी एफिशिएंसी में भी सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

फोन में प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर भी दिए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, Galaxy S27 Ultra में 6.9 इंच की स्क्रीन और S-Pen सपोर्ट मिलने की संभावना है।

परफॉर्मेंस के लिए Galaxy S27 Pro में नई LPDDR6 रैम और UFS 5.1 स्टोरेज दिए जाने की बात सामने आई है। प्रोसेसर के तौर पर चुनिंदा बाजारों में अगली पीढ़ी का Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 6 चिपसेट मिलने की चर्चा है।

इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे कुछ बाजारों में 2nm आर्किटेक्चर पर आधारित Exynos 2700 प्रोसेसर दिए जाने की संभावना भी रिपोर्ट्स में जताई गई है।

लीक जानकारी के मुताबिक, Galaxy S27 Pro में 5200mAh की बैटरी दी जा सकती है। इसके साथ 60W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी चर्चा है। हालांकि, सैमसंग की ओर से फिलहाल Galaxy S27 Pro के नाम, स्पेसिफिकेशन्स और लॉन्च से जुड़ी इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।