मसूरी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की तानाशाही सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया और केंद्र सरकार की शह पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर पर पुलिस भेजकर डराने-धमकाने की कड़ी निंदा की।
भारी बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह चौक पर एकत्र हुए और दोनों का पुतला फूंका, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की. इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार की शह पर दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के घर जाकर उन्हें धमका रही है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है.
इस मौके पर नवनियुक्त शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि भाजपा की तानाशाही केंद्र सरकार की शह पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के आवास पर दिल्ली पुलिस द्वारा डराने धमकाने की कार्रवाई की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है. उन्होंने कहा कि केंद्र में एक तानाशाही हुकूमत चल रही है और जिस तरह से वह कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अंधाधुंध कार्रवाई और जांच कर रही है.इससे इस सरकार का खौफ साफ झलक रहा है। इससे पता चलता है कि बीजेपी राहुल गांधी से डरती है और इसी डर से वे बौखला गई हैं.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगला लोकसभा चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी। अमित गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिले जनसमर्थन से बीजेपी डरी हुई है और डर के मारे इस तरह की कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि देश की जनता इस सरकार की तानाशाही देख रही है। मोदी सरकार द्वारा लोकतंत्र को कुचला जा रहा है, लेकिन देश की जनता आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को अपना आशीर्वाद देगी और कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी.
इस अवसर पर रमेश राव, राम प्रसाद कवि, मेघ सिंह कंडारी, महेश चंद, सलीम अहमद, देवी प्रसाद गोदियाल, प्रिसं पंवार, गौरव गुप्ता, महिपाल कैंतुरा, जयपाल राणा, चांद खान, मुकेश पंवार, नाजीम, हरीश जोशी, दानिश अहमद आदि उपस्थित रहें।

