हर साल जून मास के अंत में आयोजित होने वाला मौण मेला इस साल भी स्थगित हो गया है। गौरतलब है कि मौण मेले का आयोजन हर साल 28 या 29 जून को यमुना की सहायक नदी अगलाड़ के तट पर होता है लेकिन कोविड के भयंकर प्रभाव को देखते हुए और सावधानियों को मद्देनज़र रखते हुए इस आयोजन को स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि इस मेले के दौरान ग्रामीण सामूहिक रूप से मछलियां पकड़ते हैं। मेला आयोजक जौनपुर विकासखंड की सिलपट्टी के भटौली गांव के सबल सिंह बर्तवाल ,पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि यह तीसरा मौका है जब इस मेले को रद्द किया जा रहा है। सबसे पहले इसे वर्ष 2013 की आपदा के समय रद्द किया गया था। दूसरी बार, गत वर्ष और अब लगातार दूसरे वर्ष भी कोविद के चलते इसे तीसरी बार रद्द किया गया है। इतिहासकारों की मानें तो वर्ष 1911 में तत्कालीन टिहरी नरेश द्वारा अगलाड़ नदी के मौणकोट नामक स्थान पर यह मेला शुरू किया गया था और तब से यह एक परंपरा बन चुकी है जिसे हर साल स्थानीय लोगों द्वारा त्यौहार की तरह मनाया जाया है।
लगातार दूसरी बार मौण मेला स्थगित

