मसूरी : उत्तराखंड स्टेट कैरम एसोसिएशन के सहयोग से मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित पहली मसूरी ओपन कैरम प्रतियोगिता के सभी वर्गों के फाइनल में देहरादून के खिलाड़ी मजबूत रहे.

कुलड़ी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर सभागार में आयोजित दो दिवसीय कैरम प्रतियोगिता में मसूरी, देहरादून व हरिद्वार के खिलाड़ियों ने भाग लिया। सीनियर सिटीजन एकल मैच देहरादून के गणेश थापा व प्रमोद वर्सूवाल के बीच खेला गया जिसमें गणेश थापा विजेता बने। सीनियर सिटीजन डबल्स मैच के फाइनल में देहरादून के जगजीत सिंह और प्रमोद वर्सूवाल की जोड़ी ने सीएस भट्ट और गणेश थापा को हराया।

वेटरन डबल्स के फाइनल मुकाबले में केकेएस नेगी व रईस अहमद ने एसपी ममगाईं व हसन मंसूर को हराया। पुरुष एकल ओपन के फाइनल मुकाबले में राकेश राणा ने जीत हासिल की। उन्होंने वसीम व शानू को हराया। मेन्स ओपन डबल्स के फाइनल मुकाबले में वसीम और सानू की जोड़ी ने राकेश राणा और आरिफ को हराया.

प्रतियोगिता के अंत में मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पालिका सभासद गीता कुमाईं तथा उत्तराखण्ड स्टेट कैरम एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व तकनीकी विशेषज्ञ अनिल कुमार गुप्ता ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए. इस मौके पर मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह खरकाई, महासचिव सौरभ सोनकर, सुरेश गोयल, अनुज तायल, रफीक अहमद, बिजेंद्र पुण्डीर, सुनील सिलवाल, भरत कुमाईं, प्रताप कण्डारी, समीर रैणा, यश जैन आदि मौजूद थे.