मसूरी : मसूरी में आयोजित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने बल की पांच अलग-अलग अंतर सीमांत कराटे एवं एंटी सबोटेज चेक प्रतियोगिताओं का शानदार मार्च पास्ट के साथ उद्घाटन किया. तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन शोभन सिंह राणा सेनानी (प्रशासन), भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल अकादमी मसूरी ने किया। इस प्रतियोगिता में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल अकादमी के 05 फ्रंटियर दल भाग ले रहे हैं।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस भारत-चीन सीमा पर तैनात देश की एक मजबूत और कुशल सीमा सुरक्षा बल है। जवानों के कौशल को निखारने और प्राकृतिक आपदाओं, पर्वतीय क्षेत्रों, दुर्घटनाओं और युद्ध जैसी स्थितियों के लिए हर समय तैयार रखने के उद्देश्य से बल हमेशा अंतर-सीमा प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न गोला-बारूद की पहचान, उपयोग, तंत्र और विस्फोटकों के माध्यम से नष्ट किए जाने वाले लक्ष्यों की पहचान करना है। इसके साथ ही विस्फोट होने से पहले किए जा सकने वाले रेस्क्यू के अभ्यास और प्रदर्शन तथा घटना के बाद संभावित नुकसान को कम करने वाली तकनीकों को दिखाने की प्रतियोगिता है।
उल्लेखनीय है कि कराटे जैसी मार्शल आर्ट भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के गठन के समय से ही उसके प्रशिक्षण का हिस्सा रही है। बल ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वर्तमान में इस बल के पास कराटे में हजारों ब्लैक बेल्ट और ब्राउन बेल्ट हैं। उप सेनानी चेतन सामयाल उप सेनानी, कुन्गा दोर्जे उप सेनानी, आशीष पांगती उप सेनानी, अंजुल खुगसाल उप सेनानी, यदुनन्दन सिंह सहायक सेनानी, प्रशिक्षु एवं भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल अकादमी मसूरी की प्रतिभागी टीमों के सभी खिलाड़ी उपस्थित थे।

