देहरादून 05 दिसम्बर :

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के देहरादून आगमन पर मसूरी विधायक गणेश जोशी ने उनका स्वागत किया।  

      उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत कार्यक्रम मानव श्रृंखला के साथ एक विशेष थीम के आधार पर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि दिलाराम चौक में 101 पंडितों ने शंखनाद करते हुए भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात सालावाला पुल पर मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक बिल के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को तख़्तिया दिखाकर उनका धन्यवाद व्यक्त किया। आगे बढ़ते हुए कालिदास तिराहे में उज्ज्वला योजना से देश भर में तकरीबन 8 करोड लोगों को लाभ पहुंचाए जाने पर पार्षद नंदिनी शर्मा एवं संजय नौटियाल के नेतृत्व में एक विशेष दल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।     

  हाथीबरक़ला बाजार में नंदा राजजात यात्रा के दल ने खाटू के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। बीजेपी किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक पुंडीर ने दो बैलों की जोड़ी एवं ट्रैक्टर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया और किसान बिल के लिए उनका धन्यवाद किया।        

 न्यू कैंट रोड के चीड़बाग में स्वयं विधायक गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों एवं गोरखा पलटन के सेवानिवृत्त सैनिकों के विशेष दल के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। विधायक जोशी ने कहा बीजापुर गेस्ट हाउस में मानव कल्याण केंद्र की ओर से 51 छात्राओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वस्तिवाचन कर स्वागत किया।    

 इस अवसर पर राज्यमंत्री टीडी भूटिया, राज्यमंत्री शिवप्रसाद ममगाई, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, राजीव गुरुंग, मोहन पेटवाल सहित हज़ारों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।