मसूरी : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रक्षा बंधन कार्यक्रम की तैयारी भाजपा महिला मोर्चा ने शुरू कर दी है. इसके तहत मोर्चा ने बैठक कर शहर व आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं से आठ अगस्त को होने वाले रक्षा बंधन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है.

कुलड़ी क्षेत्र के एक होटल के सभागार में आयोजित भाजपा मसूरी मंडल महिला मोर्चा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष पुष्पा पडियार ने 8 अगस्त को रक्षा बंधन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और महिला मोर्चा सदस्यों के साथ चर्चा की. इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा पडियार ने कहा कि मंत्री गणेश जोशी के तत्वावधान में पिछले कई वर्षों से रक्षा बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हर साल भीड़ बढ़ रही है. उन्होंने बैठक में निर्णय लिया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिला मोर्चा की टीम पूरे शहर के हर वार्ड में जाकर महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी. जिसमें सभी वार्डों में महिला मोर्चा की सदस्य अपने क्षेत्र में रक्षा बंधन पर्व का प्रचार-प्रसार करेंगी, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं भाग ले सकें.

वहीं, बैठक में निर्णय लिया गया कि पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर आने वाली महिलाओं का सम्मान कर कार्यक्रम स्थल पर लाने की जिम्मेदारी दी गई है. इस मौके पर बीजेपी मसूरी मंडल के सदस्यों के लिए ड्रेस कोड तय किया गया, जिसके तहत सभी महिलाएं नारंगी रंग के कपड़े पहनेंगी. उन्होंने कहा कि इस बार रक्षा बंधन का कार्यक्रम 8 अगस्त को दोपहर 2 बजे नगर पालिका टाउन हॉल में शुरू होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

इस अवसर पर महिला मोर्चा महासचिव सपना शर्मा, राजेश्वरी नेगी, प्रोमिला नेगी, रीता खुल्लर, भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री अनीता सक्सेना जिला कोषाध्यक्ष अनीता पुडीर, नीति शर्मा, सुशीला पंवार, रोशनी रावत मंजू चैहान, राधा आनंद, पुष्पा पुंडीर, प्रभा बत्र्वाल सहित महिला मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।