मसूरी : उत्तराखंड होटल एसोसिएशन (यूएचए) के तत्वावधान में होटल व्यवसाय में सोशल मीडिया के महत्वपूर्ण योगदान एवं इस तकनीक के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रबंधन विकास कार्यक्रम के तहत ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की टीम ने भाग लिया. डिजिटल और सोशल मीडिया मार्केटिंग कौशल के माध्यम से होटल व्यवसाय को बढ़ाने के टिप्स दिए गए।
इस मौके पर ग्राफिक एरा के प्रोफेसर श्याम सुंदर कापड़ी ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए होटल, रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट का कारोबार कैसे बढ़ाया जा सकता है। वहीं अगर वह किसी सोशल मीडिया एजेंसी या कंपनी के जरिए अपना काम करवा रहा है तो उसे कैसे जज किया जाए, ताकि खर्च किए जा रहे बजट का सदुपयोग हो सके।

उन्होंने कहा कि ऑफ सीजन में सोशल मीडिया के जरिए होटल कारोबार को बढ़ाया जा सकता है। केवल वेबसाइट से कुछ नहीं होता, इसका उपयोग कैसे करें जिससे पर्यटक को होटल तक लाया जा सके, इसकी जानकारी वर्कशॉप में दी जा रही है।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा के प्रोफेसर जितेंद्र चौहान ने कहा कि कार्यशाला में डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से होटल व्यवसाय को बढ़ाने की जानकारी दी जा रही है. साथ ही बताया जा रहा है कि वेब साइट का उपयोग कैसे करें, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
इस मौके पर उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी ने कहा कि डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन इसका सही इस्तेमाल कैसे करना है, यह हर कोई नहीं जानता। प्रदेश की बेहतरी के साथ-साथ अपने होटल व्यवसाय को बढ़ाने और पर्यटकों को प्रोत्साहित करने का यह एक विशेष माध्यम है।
इसके लिए ग्राफिक एरा के होटल मैनेजमेंट से जुड़े प्रोफेसरों को आमंत्रित कर वर्कशॉप का आयोजन किया गया है, ताकि होटल व्यवसायी डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया के जरिए अपना कारोबार बढ़ा सकें. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी स्थानों पर इस कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा ताकि इसका लाभ उठाकर वे इस तकनीक का उपयोग अपने व्यवसाय को बढ़ाने में कर सकें।
इस अवसर पर होटल एसोसिएशन मसूरी के महासचिव अजय भार्गव, जीएस मनचंदा, हर्षदा वोहना सहित विभिन्न होटलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

