मसूरी,PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद एक बार फिर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जनता के बीच नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में उन्होंने मसूरी उप जिला अस्पताल का निरीक्षण किया. जहां उन्होंने अस्पताल के सीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह को सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को पूरा करने के निर्देश दिए. इस मौके पर गणेश जोशी ने बर्फबारी के दौरान प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला का इलाज करने वाली नर्स एलवीना फ्रांसिस व उनकी टीम को शॉल पहनाकर सम्मानित किया.
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी लोगों से आग्रह किया कि अगर वे अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदारी और निष्ठा से काम करेंगे तो इसका सीधा फायदा जनता को मिलेगा. गणेश जोशी ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद उन्होंने जनता की सेवा करना शुरू कर दिया है. उन्होंने कल कैंट क्षेत्र के एक अस्पताल का निरीक्षण किया था. आज मसूरी के अस्पताल का निरीक्षण किया। जहां सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मुकम्मल हैं।
गणेश जोशी ने कहा कि अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर शुरू नहीं किया गया है. जिस पर उन्होंने सीएमओ को तुरंत ऑपरेशन थियेटर शुरू करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, पैरामेडिकल स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी को देखते हुए उन्होंने तत्काल नियुक्तियां करने को कहा है. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता 24 घंटे मसूरी के लोगों की सेवा करना है और इसके लिए लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। 10 मार्च को पूरे उत्तराखंड में कमल खिलने वाला है।
वहीं नर्स एलवीना फ्रांसिस ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का आभार जताया और कहा कि उन्होंने अपना कर्तव्य निभाया है. जिससे प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला और उसके बच्चे को बचाया जा सका। उन्होंने कहा कि इस पूरे काम का श्रेय भी उनकी टीम को जाता है. जिनकी मदद से प्रसव पीड़ा से गंभीर हालत में पहुंची महिला और बच्चे दोनों को बचाया जा सका.

