मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM

देहरादून-मसूरी मार्ग पर किमाड़ी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. गनीमत रही कि चालक खाई में गिरने से पहले कार से बाहर कूद गया और उसकी जान बच गई। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है.

मसूरी कोतवाल गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि मसूरी-किमाड़ी मार्ग से 3 किमी पहले एक इंडिगो कार नंबर UK07-TA-8130 ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हो गई और खाई की ओर बढ़ने लगी. इसी बीच देहरादून के कुसुम विहार निवासी 24 वर्षीय चालक अनिल राठौड़ ने कार से कूद कर जान बचा ली.

चालक ने बताया कि कार का ब्रेक अचानक फेल हो गया था। जिससे उसने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार के खाई में गिरने से पहले कूद कर जान बचा ली। पुलिस का कहना है कि चालक सुरक्षित है और घटना की जांच की जा रही है।